Menu
blogid : 17235 postid : 1211163

नए भारत का निर्माण: जैविक भारत अभियान

Oral Bites & Moral Heights
Oral Bites & Moral Heights
  • 17 Posts
  • 18 Comments

Sawami Om Purn Swatantra

    “अब क्रांति को कोई रोक नहीं सकता…’
    ‘जैविक भारत अभियान इसकी प्रक्रिया है”
    – स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र

    जैविक भारत अभियान के प्रेरणा स्रोत स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र पिछले दिनों जैविक भारत को ऑपरेटिव सोसायटी के दिल्ली स्थित कार्यालय पधारे। इस अवसर पर स्तम्भकार के तौर पर मुझे के उनसे संवाद का मौका मिला। मौलिक भारत के निर्माण एवं जैविक भारत अभियान का ब्लू प्रिंट पेश करने वाले इस संवाद के प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश

    • अभिजीत सिन्हा – स्वामी जी आपका स्वागत है

    स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र- आपका भी इस संवाद में स्वागत है।

      अभिजीत सिन्हा – स्वामी जी जैविक भारत अभियान का लक्ष्य क्या है ?

    स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र – सन 1947 में भारत की आजादी की प्राप्ति के साथ महात्मा गांधी के स्वतंत्रता अभियान का पहला चरण पूर्ण हो गया था। वहां से भारत की आजादी का दूसरा चरण यानी भारत के नव निर्माण का मिशन आरंभ होना था लेकिन दुर्भाग्य से भारत के जन्म के साथ ही राष्ट्रपिता का निधन हो गया। इस प्रकार भारत ने एक अनाथ के रूप में वहां से अपने जीवन की यात्रा आरंभ की। पिछले इतने सारे वर्षों में स्वतंत्रता के अभियान का दूसरा चरण यानी पूर्ण आजादी का अभियान, ग्राम्य भारत के निर्माण, ग्राम्य भारत के उदय के साथ पूर्ण भारत के निर्माण का अभियान…जो 1947 के बाद आरंभ होना चाहिये था, अब तक नहीं हो सका। इस अभियान की आत्मा है किसान केन्द्रित, गांव आधारित ग्राम्य भारत की नींव के ऊपर एक भविष्य के भारत का महल निर्मित करना। यही इसका लक्ष्य है।

      अभिजीत सिन्हा – तो स्वामी जी इसकी रूपरेखा क्या होगी ?

    स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र – भारत की आजादी के दूसरे चरण में जिसे हम ग्राम्य भारत की आजादी कहें, नए भारत के निर्माण की प्रक्रिया की पूर्णता कहें, पूर्ण स्वतंत्र भारत का अभिनव उदय कहें, इसके लिए मौलिक बात है कि भारत, जो गांवों का देश है, जिसकी आर्थिक स्थिति कृषि पर आधारित है उसकी आत्मा का उदय यानी किसान के अंदर जागृति। किसान, जो भारत का निर्माता है, उसका पालक और पोषक है, उसके जीवन और जन्म में नए भविष्य का उदय। अब प्रश्न है कि ग्रामोदय की आत्मा क्या है ? तो ग्रामोदय की आत्मा केवल आर्थिक विकास, जिसकी कोशिश हम पंचायती राज के माध्यम से वर्षों से करते आ रहे हैं, और जो जमीन के बजाय कागज पर होता रहा, तो केवल वहां से नए भारत का निर्माण नहीं होता।

      इस ग्रामोदय के निर्माण की आत्मा है जैविक भारत का निर्माण। यानी जो हमारी भारतीय जीवन पद्धति है, भारतीय मूल्य है, आदिकाल से वेदों से चली आ रही भारत की संस्कृति है, उस पर आधारित भारतीय व्यक्तित्व व राष्ट्र का निर्माण।

    हमारा जो ये जैविक भारत अभियान है ये उस ग्राम्य भारत की आत्मा का उदय है। यह केवल एक देशी खान-पान की आदत विकसित करना भर नहीं है बल्कि यह भारतीय जीवन पद्धति, भारतीय संस्कृति, भारतीय मूल्यों को पुनः स्थापित करके एक मौलिक और सच्चे भारत के निर्माण की प्रक्रिया है जिसका दर्शन हमारे वैदिक ऋषियों ने किया था, जिसका स्वप्न हमारे राष्ट्र निर्माताओं ने देखा था।

      इसी लक्ष्य को साकार करने का अभियान है जैविक भारत अभियान।

    अभिजीत सिन्हा – स्वामी जी कैसा होगा वह नया भारत। उसका स्वरूप क्या होगा ?

      स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र – हमारी संस्कृति का आधार है आध्यात्मिकता, आध्यात्मिक मूल्य, इन पर आधारित आध्यात्मिक संस्कृति, आध्यात्मिक जीवन पद्धति। यही होगी नींव नए भारत की। भारतीय शिक्षा पद्धति, भारतीय नैतिकता, भारतीय राजनीति, भारतीय समाज निर्माण, भारतीय आर्थिक नीति, इन सब का आधार होगी भारतीय संस्कृति।

    हम देखते हैं कि भारत को भौतिक और राजनीतिक रूप से तो आजादी मिली लेकिन आर्थिक आजादी के लिए हम पिछले 70 साल से संघर्षरत हैं लेकिन इन सबसे अलग, जिस तरफ हमारा ध्यान नहीं जाता वो है भारत का अ-भारतीयकरण। जिस भारतीय संस्कृति को लंबी गुलामी के बावजूद कोई हिला नहीं सका था वो स्वतंत्र भारत में जड़ से उखड़ गई। हमारे बदलते हुए मूल्य, कुप्रभावित होती हुई जीवन पद्धति, हमारी मानसिक गुलामी, ये सब अ-भारतीयकरण की निशानी हैं और यही हमें सबसे बड़ा नुकसान हुआ है। फायदा जो हुआ हम उसे भौतिक तराजू में माप सकते हैं, तौल सकते हैं लेकिन इस नुकसान को किसी भौतिक तराजू से मापा नहीं जा सकता। इसकी भरपाई भी आसान नहीं है।

      अतः उन शाश्वत मूल्यों की स्थापना करके भारत की मौलिकता को स्थापित करना और विश्व में भारत की एक मौलिक पहचान बनाकर भावी मानव जगत के निर्माण में मार्गदर्शक की भूमिका निभाना… ये है हमारा स्वरूप, ये है चित्र एक अभिनव भारत का।

    अभिजीत सिन्हा – स्वामी जी क्या इस बाजारवादी और भौतिकतावादी समय में ऐसा संभव है ?

      स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र – ये संभव ही नहीं, अपरिहार्य है। ये होकर रहेगा।

    इसके दो कारण हैं। पहला ये कि हम देखते हैं कि हमारी विकास की परिभाषा इतनी संकुचित हो गई है कि हमने आर्थिक विकास को ही विकास मान लिया। अर्थ, जो मनुष्य के जीवन का साधन था उसे हमने साध्य बना लिया और स्वयं मनुष्य, जो साध्य था, वह मात्र अर्थ उपार्जन का जरिया बनकर रह गया। सब कुछ उल्टा हो गया। ये नुकसान पूरी मानव जाति के लिए हुआ। इसलिए हमें विकास की परिभाषा को पुनः परिभाषित करना पड़ेगा।

      दूसरा ये कि नेतृत्व की बात केवल राजनीतिक क्षेत्र तक सीमित होकर रह गई। राजनीति में जो संचालक व्यवस्था है, जिसकी जिम्मेदारी समाज में एक व्यवस्था स्थापित करना है, यही केवल नेतृत्व की परिभाषा बनकर रह गई। जबकि नेतृत्व का मतलब है जीवन का निर्माण करने वाली शक्ति, वो दृष्टि, वो दिशा।

    जैसे इंजन होता है। इंजन के पास शक्ति होती है और ड्राइवर के पास दृष्टि होती है। जिसमें ये दोनों गुण हों वही हमारे सच्चे नेतृत्व की परिभाषा में खरा उतरता है। लेकिन नेतृत्व शब्द केवल राजनीति तक सीमित होकर रह गया। ये जो हमारे चिंतन का पतन हुआ ये बहुत खतरनाक स्थिति है मानव के भविष्य के लिए।

      इसलिए मेरा मानना है कि केवल ये संभव ही नहीं बल्कि अपरिहार्य है कि अगर हमें अपने अस्तित्व और मानव जाति के भविष्य को सुरक्षित रखना है तो ये परिवर्तन अपरिहार्य रूप से घटित होकर रहेगा।

    अभिजीत सिन्हा – तो स्वामी जी इसमें जैविक भारत अभियान की क्या भूमिका हो सकती है ?

      स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र – जैविक भारत अभियान एक सच्चे और मौलिक भारत के निर्माण का अभियान है। इसके मूल में आध्यात्मिक दृष्टि और आध्यात्मिक मूल्य हैं जिनकी नींव पर ये खड़ा हुआ है। इस अभियान के माध्यम से हम उस मौलिक भारत का निर्माण करने जा रहे हैं जिसका दर्शन ऋषियों ने किया था।

    आध्यात्मिकता इसकी शुरुआत है। जैविक भारत अभियान इसकी प्रक्रिया है और एक मौलिक और मार्गदर्शक भारत का निर्माण इसका लक्ष्य है।

    इक्कीसवीं सदी में पूरी मानव जाति के लिए ये हमारा मौलिक कमिटमेंट है।

    अभिजीत सिन्हा – स्वामी जी जैविक भारत अभियान के लिए आपका क्या संदेश है ?

    स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र – आपको जैविक भारत अभियान शुरू करने के लिए बधाई। पर शायद आपको इस बात का पता नहीं कि यह कोई मामूली मिशन नहीं बल्कि नए इतिहास के निर्माण का कार्यक्रम है। इसलिए आप केवल बधाई ही नहीं बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए श्रद्धा के पात्र भी होंगे। आपके द्वारा रोपा हुआ यह पौधा आगे चलकर एक विशाल वट वृक्ष बनेगा। पूरी मानव जाति को छाया देगा, संरक्षण देगा और हमारे भविष्य को सुरक्षित करेगा।

    वास्तव में यह युग की मांग है। इसे कोई नहीं रोक सकता। समय निश्चत रूप से समय इसे आगे बढ़ाएगा।

    अभिजीत सिन्हा – स्वामी जी आपने जैविक भारत अभियान के उद्देश्य और प्रक्रिया का बिल्कुल स्पष्ट चित्र प्रस्तुत किया। आपका बहुत धन्यवाद।

    स्वामी ओम पूर्ण स्वतंत्र – आपका भी धन्यवाद।

    ध्यातव्य

    विदित हो कि जैविक भारत अभियान भारतीय जीवन पद्धति की पुनः स्थापना हेतु समर्पित एक अखिल भारतीय परियोजना है जिसका संचालन जैविक भारत को ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा किया जा रहा है।

Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh