Menu
blogid : 5736 postid : 5403

पाक की जवाबी मिसाइल

जागरण मेहमान कोना
जागरण मेहमान कोना
  • 1877 Posts
  • 341 Comments

भारत द्वारा किए गए अग्नि-5 के सफल परीक्षण के जवाब में पाकिस्तान ने 25 अप्रैल, 2012 को परमाणु हथियारों को ढोने में सक्षम हत्फ-4 नामक बैलिस्टिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इसे भारत की अग्नि-5 मिसाइल के परीक्षण का जवाब माना जा रहा है। हत्फ-4 को नया नाम शाहीन-1 ए दिया गया है। इसकी लक्ष्य भेदन क्षमता एवं तकनीकी मापदंड उन्नत रूप में हैं। इस मिसाइल का परीक्षण हिंद महासागर में किया गया। परीक्षण के उपरांत पाकिस्तानी सेना ने बताया कि इसका भेदन लक्ष्य हिंद महासागर में था। पाकिस्तानी सेना ने इसकी मारक क्षमता को उजागर नहीं किया है, लेकिन रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक हत्फ-4 मिसाइल अब 750 किलोमीटर के बजाय 1000 किलोमीटर की दूरी तक मार करने में सक्षम है। इस मिसाइल की मदद से पाकिस्तान भारत के अंदर काफी दूरी तक निशाना लगा सकता है। हत्फ-4 मिसाइल का डिजाइन चीन की एम-11 की तरह की लगता है। इसलिए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसे चीन की वैज्ञानिक टीम की सहायता से तैयार किया गया है।


[Agni 5] दुश्मन को दहलाने वाली मिसाइल


शाहीन-1 ए मिसाइल का परीक्षण सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल खालिद किदवई और लेफ्टिनेंट जनरल तारिक नदीम गिलानी अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों व वैज्ञानिकों की उपस्थिति में किया गया। इसका व्यास एक मीटर, लंबाई 12 मीटर तथा वजन 9500 किलोग्राम है। यह 700 किलोग्राम वजन के परमाणु एवं अन्य आयुध ले जाने में सक्षम है। पाकिस्तान ने भारत के अंदर तक मार करने वाली मिसाइल हत्फ-2 का सफल परीक्षण 5 मार्च, 2012 को किया था। यह भारी मात्रा में परमाणु हथियारों के साथ भारत के अंदर 180 किलोमीटर तक मार कर सकती है। यह पाकिस्तान के सामरिक बलों को संचालनात्मक स्तर की क्षमता प्रदान करती है जो सामरिक व रणनीतिक क्षमता के अतिरिक्त है। गत वर्ष 19 अप्रैल को पाकिस्तान ने अत्याधुनिक किस्म की हत्फ-9 मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। यह परमाणु वारहेड के साथ 60 किलोमीटर की दूरी तक सटीक मार करने वाली है। इसमें दागो और स्थान बदल लो की क्षमता है।


पाकिस्तान ने इसका नाम नस्त्र मिसाइल रखा है। इसकी मारक सीमा में राजस्थान के जैसलमेर सहित कई इलाके आते हैं। यह मिसाइल परमाणु छतरी के अंतर्गत युद्ध के दायरे को और सीमित करेगी। फरवरी 2011 में हत्फ-7 मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। इसकी मारक क्षमता 600 किलोमीटर की दूरी तक है। 21 दिसंबर, 2010 को पाकिस्तान ने 1300 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली और परमाणु हथियारों को ले जाने में सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल हत्फ-5 का परीक्षण किया था। यह मिसाइल पाकिस्तानी सेना के उपयोग के लिए तैयार हो गई है। 8 मई, 2010 को पाकिस्तान ने हत्फ-4 तथा हत्फ-3 मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। ये मिसाइलें परमाणु हमला करने में सक्षम हैं। हत्फ-4 चीन की एम-9 मिसाइल का दूसरा संस्करण है जबकि हत्फ-3 का डिजाइन चीन की एम-11 मिसाइल पर आधारित है।


हत्फ-4 मिसाइल 750 किलोग्राम पेलोड के साथ 700 किलोमीटर तक व हत्फ-3 मिसाइल 700 किलोग्राम वारहेड के साथ 800 किलोमीटर की दूरी तक मार करने में सक्षम है। इसी तरह हत्फ-1 मिसाइल 500 किलोग्राम आयुध के साथ 100 किलोमीटर तक मार करती है। शाहीन-2 व शाहीन-3 मिसाइलें एक हजार किलोग्राम वारहेड के साथ क्रमश: 2500 तथा 3600 किलोमीटर तक मार करती हैं। इसी तरह गौरी-1 एक हजार किलोग्राम के साथ 1500 किलोमीटर, गौरी-2 700 किलोग्राम के साथ 2300 किलोमीटर तक व गौरी-तीन 1500 किलोग्राम के साथ 3500 किलोमीटर तक मार करने सक्षम हैं।


लेखक डॉ. लक्ष्मीशंकर यादव सैन्य विज्ञान विषय के प्राध्यापक हैं


Read Hindi News


Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh