एशिया कप में सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बेहद अलग रंग में नजर आए। पिछले दो मैचों में शानदार अर्धशतक लगाने वाले रोहित शर्मा ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबले में कप्तानी पारी खलते हुए शतक मारा। रोहित शर्मा ने 106 गेंदों में अपना 19वां वनडे शतक पूरा किया। अपनी इस शतकीय पारी के बाद रोहित शर्मा ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
रोहित की कप्तानी में बड़ी जीत
भारत ने दुबई में खेले गए एशिया कप 2018 के सुपर फोर के तीसरे मैच में पाकिस्तान को 9 विकेट के रिकॉर्ड अंतर से हराकर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने पाकिस्तान को पहली बार 9 विकेट के अंतर से हराया और विकेट के मामले में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड बनाया।
रोहित के अंतरराष्ट्रीय करियर में 300 छक्के हुए
बेहतरी फॉर्म में चल रहे कप्तान रोहित ने इस दौरान अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 301 छक्के लगाने का कारनामा कर दिया है। पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को उन्होंने 4 छक्के लगाए, इसके साथ ही उनके इंटरनेशनल करियर में कुल 301 छक्के हो गए। इस मामले में उनसे आगे अब सिर्फ 6 खिलाड़ी हैं।
धोनी से पीछे हैं रोहित
सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों में सबसे ऊपर पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी शाहिद अफरीदी और क्रिस गेल हैं। दोनों ने 476-476 छक्के लगाए हैं। अफरीदी और गेल के अलावा इस लिस्ट में रोहित शर्मा ब्रैंडन मैकुलम, सनथ जयसूर्या, महेंद्र सिंह धोनी और एबी डिबिलियर्स हैं। भारत के पूर्व कप्तान धोनी ने अबतक 342 छक्के मारे हैं।
रोहित ने 7000 रन पूरे किये
रोहित शर्मा ने 187वें मैच की 181वीं पारी में 7000 रन पूरे किये और इस रिकॉर्ड तक पहुंचने के मामले में पांचवें सबसे तेज़ बल्लेबाज बने, रोहित ने इस मामले में ब्रायन लारा को पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने 181 पारियों में ये मुकाम हासिल किया है। वहीं लारा 183 पारियों में 7000 रन तक पहुंचे थे। इस लिस्ट में हाशिम अमला सबसे ऊपर हैं, जिन्होंने सिर्फ 150 पारियों में ये कारनामा किया था। उनके बाद विराट कोहली हैं जिन्होंने 161 पारियों में ये मुकाम हासिल किया है।
19 सेंचुरी तक पहुंचने वाले चौथे सबसे तेज बल्लेबाज
रोहित शर्मा सबसे तेज 19 सेंचुरी तक पहुंचने वाले दुनिया के चौथे बैट्समैन हैं, उन्होंने 181 पारियों में ये कारनामा किया है। कोहली ने 124 पारियों में 19 शतक ठोके थे। वहीं हाशिम आमला सिर्फ 104 पारियों में 19 शतक मारकर इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। रोहित शर्मा ने इस शतकीय पारी के साथ बतौर ओपनर भारत के लिए 5000 से ज्यादा रन बना लिए हैं।
चौकों में भी आगे रोहित
रोहित ने इस दौरान न केवल गेंद को सीमा रेखा के बाहर पहुंचाया बल्कि उन्होंने जमीनी शॉट खेलकर भी अपने चौकों की लिस्ट को आगे बढ़ाया। रोहित ने अपने 181 पारियों में अबतक कुल 601 चौके लगा दिए हैं। बता दें कल के मैच में रोहित ने 119 गेंदों में 111 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के लगाए।…Next
Read More:
ओडिशा से हैं हांगकांग के कप्तान अंशुमन रथ, भारतीय टीम को कर दिया था परेशान
जब मैदान पर आपस में खेलते-खेलते भिड़ गए पाक-भारत के ये 5 खिलाड़ी
एशिया कप: भारत-पाकिस्तान मैच में ये 8 खिलाड़ी होंगे गेम चेंजर्स
Read Comments