न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में भले ही भारतीय टीम को 6 विकेटों से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन फैंस को विराट ने शतक के तौर पर तोहफा दिया। इस शतक के साथ ही विराट ने कई सारे रिकॉर्ड अपने नाम किए और कुछ को तोड़ भी दिया। विराट ने कल अपना 200वां वनडे खेला और इसे उन्होंने शतक के साथ यादगार बनाया, हालांकि जीत उनसे दूर रही। लेकिन इस मैच में अकेले विराट ने आधे दर्जन रिकॉर्ड अपने नाम किए।
1. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग का तोड़ा रिकॉर्ड
वैसे तो ये रिकॉर्ड विराट ऑस्ट्रेलिया के साथ खेलते हुए ही तोड़ देते लेकिन उस दौरान वो शतक से चूक गए थे। ऐसे में विराट ने ये कारनामा न्यूजीलैंड के खिलाफ कल के मैच में किया और अपने 200वें वनडे में 31वां शतक लगाकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉन्टिंग के 30 शतकों से आगे निकल गए। अब वह वनडे में सबसे ज्यादा शतक बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं जिनके नाम 49 शतक दर्ज हैं।
2. शतकों के नए किंग कोहली
जिस तेजी से विराट ने अपना खेल सुधारा है, ठीक उसी तरह वो शतक लगाने में भी मास्टर हो चुके हैं। 200वें मैचों के बाद उनके नाम वनडे में सबसे ज्यादा 8,888 रन हैं। साथ ही उनका 55.55 का औसत भी 200 वनडे खेल चुके बाकी सभी खिलाड़ियों से ज्यादा है। विराट कोहली ने 200 वनडे मैचों के बाद कुल 31 शतक लगाए हैं, जो कि सर्वाधिक हैं।
3. 200वीं पारी में शतक लगाने वाले पहले भारतीय
कल का शतक लगाने के बाद विराट साउथ अफ्रीकी दिग्गज एबी डीविलियर्स के बाद वो खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने अपने 200वें वनडे में शतक बनाया है। वैसे ऐसा करने वाले वो पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। 200वें वनडे में युवराज ने 76 रन तो पूर्व कप्तान धोनी ने 56 रन बनाए थे।
4. सबसे काबिल कप्तान बने विराट!
इस साल के खत्म होने में अभी कुछ महीने बचे हैं और भारत के पास अभी कुछ सीरीज भी हैं। वैसे कोहली ने इस पारी की बदौलत खुद को एक कैलेंडर इयर में सबसे ज्यादा रन बनाने की सूची में पहले स्थान पर काबिज कर लिया है। इससे पहले ये रिकॉर्ड पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के पास था।
5. बतौर कप्तान बनाए सबसे ज्याद रन
रन मशीन के नाम से जाने जाने वाल विराट ने खुद को एक बार फिर से साबित किया। कल के मैच के बाद विराट एक कैलेंडर वर्ष में बतौर कप्तान 50 रन से ज्यादा की 12 वीं पारी खेली। इस मामले में विराट ने मोहम्मद अजहरुद्दीन और धोनी की पीछे छोड़ दिया।
6. कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा शतकीय पारी
कल के शतक के साथ विराट ने सौरव गागुंली की भी बराबरी कर ली। दरअसल विराट के नाम साल 2017 में 5 शतक हो गए हैं। इससे पहले सौरव गांगुली ने साल 2000 में बतौर कप्तान 5 शतकीय पारियां खेली थीं। कोहली इस साल अगर एक और शतक लगा देते हैं तो वह गांगुली से आगे निकल जाएंगे।
7. वानखेड़े स्टेडियम में 21 साल बाद शतक
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 21 साल बाद किसी भारतीय बल्लेबाज ने वनडे में शतक जड़ा है। इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने साल 1996 में इस मैदान पर शतक बनाया था इसके बाद विराट ने यह मुकाम हासिल किया है।
8. घरेलू जमीन पर सर्वाधिक शतक
क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के नाम घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा 20 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। अब कोहली 13 शतक लगाकर रिकी पॉन्टिंग और हाशिम आमला के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं। अगर विराट एक और शतक लगा लेते हैं तो वो पॉन्टिंग और आमला से आगे निकल जाएंगे।…Next
Read More:
शादीशुदा महिला पर आया था जंबो का दिल, ऐसी है चेतना और कुंबले की लवस्टोरी
धोनी का खुलासा, जीत के बाद टीम के नए खिलाड़ियों को क्यों थमा देते थे ट्रॉफी
धोनी से लेकर रोहित शर्मा तक, इन क्रिकेटर्स ने पूरा किया सबसे तेज छक्कों का शतक
Read Comments