बॉलीवुड स्टार्स की अपनी-अपनी फैन फॉलोइंग होती है। कोई अपने चहेते स्टार को भगवान मानता है, तो कोई उनसे इंस्पायर्ड होता है। कुछ ऐसे हैं, जो उनके स्ट्रगल से अपने आपको प्रेरित करते हैं। वहीं, कुछ फैंस ऐसे होते हैं, जो उनकी स्टाइल को फॉलो करते हैं। मगर कुछ ऐसे फैंस भी होते हैं, जिनकी दीवानगी इस हद तक बढ़ जाती है कि लोग तो क्या स्टार्स भी उनकी हरकतों से चौंक जाते हैं। आइये आपको बॉलीवुड के आठ बड़े सितारों के ऐसे ही फैंस की हरकतों के बारे में बताते हैं, जिन्हें जानकर आप भी चौंक जाएंगे।
अमिताभ बच्चन
बिग बी के लंबे और बेहतरीन कॅरियर की तरह उनके फैंस भी बहुत बड़ी संख्या में हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें फॉलो करने वाले लाखों हैं। जाहिर सी बात है कि जब अमिताभ बच्चन के इतने फैंस हैं, तो उनके फैंस के कारनामे भी बड़े होंगे। आपको जानकर हैरानी होगी कि बिग बी के एक फैन ने उनके घर एक ट्रक भरकर समोसा भेज दिया था। खबरों की मानें, तो बाद में अमिताभ ने इस समोसे को उनके बाकी फैन्स में ‘प्रसाद’ के तौर पर बंटवाए।
ऐश्वर्या राय
बॉलीवुड ब्यूटी ऐश्वर्या राय का जलवा अभी तक इंडस्ट्री में बरकरार है। पूर्व विश्व सुंदरी ऐश के फैंस भी बड़ी संख्या में हैं। ऐश्वर्या राय की शादी से न जानें कितनों के ही दिल टूटे होंगे, लेकिन श्रीलंका में रह रहा निरोशन देवप्रिया नाम का उनका एक फैन इससे बहुत दुखी हुआ था। खबरों की मानें, तो वह बुरी तरह डिप्रेशन में चला गया। इतना ही नहीं, वह इसके लिए ऐश्वर्या राय पर केस भी करना चाहता था।
सलमान खान
बॉलीवुड के दबंग खान की फैन फॉलोइंग भी जबरदस्त है। सलमान के फैंस उनके लिए दीवाने हैं। उनका एक फैन ऐसा है, जो सल्लू से मिलने के लिए भूख हड़ताल पर चला गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौलिक बाबूभाई नाम का एक शख्स राजकोट में सिर्फ इस बात के लिए भूख हड़ताल पर बैठ गया, क्योंकि वह सलमान खान से मिलकर उनके साथ फोटो खिंचवाना चाहता था। सलमान के फैंस के कारनामों में एक नाम और है, जो काफी चर्चा में आया था। फिल्म सुल्तान की रिलीज के मौके पर उनके एक फैन ने पहले शो की 120 सीट की एडवांस बुकिंग करा ली थी।
करीना कपूर
करीना की खूबसूरती के करोड़ों दीवाने हैं। शादी के बाद भी करीना का ग्लैमर कम नहीं हुआ है। हालांकि, यह बात उनकी शादी से पहले की है। खबरों की मानें, तो करीना के एक दीवाने फैन ने उन्हें हीरों से जड़ा नेकलेस गिफ्ट किया था, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये थी।
संजय दत्त
संजय दत्त की स्टाइल के सभी कायल हैं। वे इन दिनों इंडस्ट्री में अपनी नई पारी की तैयारी में जुटे हैं। संजू बाबा के फैंस भी जबरदस्त हैं। भूमि की शूटिंग के समय संजय दत्त के एक फैन ने उन्हें चौंका दिया था। खबरों की मानें, तो उनका एक फैन शूटिंग लोकेशन पर अपनी कस्टमाइज्ड बाइक लेकर पहुंच गया। उसने संजय से रिक्वेस्ट की कि वे उसके साथ बाइक राइड करें। संजू बाबा ने भी अपने इस फैन का दिल नहीं तोड़ा और उसके साथ बाइक राइड की।
दीपिका पादुकोण
बॉलीवुड में इन दिनों दीपिका के सितारे बुलंद हैं। वे टॉप एक्ट्रेस की लिस्ट में शामिल हैं। पद्मावती फिल्म को लेकर वे विवादों में भी हैं। दीपिका के भी लाखों दीवाने हैं। इन्हीं में से एक फैन ने दीपिका के बर्थडे पर उन्हें उनके नाम की एक वेबसाइट ही गिफ्ट कर दी थी। इस वेबसाइट में दीपिका से जुड़ी सभी जानकारियां और उनकी तस्वीरें शामिल थीं।
ऋतिक रोशन
बॉलीवुड के टॉम क्रूज कहे जाने वाले ऋतिक की स्टाइल और फिटनेस के कारण उनके फैन्स में यूथ की बड़ी संख्या है। ऋतिक की फैन फॉलाेइंग लंबी है। इनके फैंस भी कभी-कभी ऐसी दीवागनी करते हैं, जो सुर्खियों में छाई रहती है। ऋतिक रोशन के एक फैन ने फिल्म काबिल की रिलीज पर पहले ही शो की 70 टिकटें खरीद ली थीं।
कंगना रनोत
कंगना इंडस्ट्री के उन स्टार्स में गिनी जाती हैं, जिनका अंदाज बेबाक है। वे किसी भी मुद्दे पर खुलकर बात करती हैं। खबरों की मानें, तो कंगना के एक फैन ने उन्हें लव लेटर लिखकर भेजा था। हालांकि, यह सुनने में शायद उतना असामान्य नहीं लगता। मगर हद तो तब हो गई, जब इस दीवाने फैन ने कंगना पर यह क्लेम कर दिया कि वे उसकी गर्लफ्रेंड हैं…Next
Read More:
करण जौहर को जया बच्चन से लगता है डर, जानें क्या है वजहराखी सावंत ने टीवी पर की थी शादी, ऐसी है ‘कॉन्ट्रोवर्सी क्वीन’ की कहानीगुजरात की राजकोट पश्चिम सीट से निकले कई बड़े नेता, यहां से पीएम का है खास नाता
Read Comments