पिछले दस सालों से जादू की एक अनोखी दुनियां की सैर करा रही हैरी पॉटर सीरीज की आखिरी फिल्म इस हफ्ते रिलीज हो जाएगी. अब तक अपने जादुई कारनामों और रोमांचक फिल्मों से दर्शकों के दिल में विशेष जगह बना चुके हैरी पॉटर फिल्मों की यह आखिरी फिल्म है. इसके बाद ना आपको कभी हॉगवॉर्ट्स की बातें सुनाई देंगी और न शहरों में हैरी पॉटर के लिए दीवानगी दिखेगी. भारत सहित दुनियाभर में इन फिल्मों के लाखों प्रशंसक इस बात से दुखी हैं कि हैरी पॉटर श्रृंखला की आखिरी फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड डेथली हालोस पार्ट 2’ (Harry Potter and the Deathly Hallows – Part 2) होगी.
अब तक दुनियां के हर हिस्से में अपने जादू पर आधारित फिल्मों की कामयाबी का स्तंभ गाड़ने वाले हैरी पॉटर (Harry Potter) सीरीज के लिए यह दुखद बात है. जब साल 2001 में हैरी पॉटर श्रृंखला की पहली फिल्म आई थी तो इसकी पहली झलक ने ही दुनियाभर में लाखों दर्शकों को अपना प्रशंसक बना लिया था. अब इसके 10 साल बीत जाने के बाद इस श्रृंखला की अंतिम फिल्म 15 जुलाई को प्रदर्शित होने जा रही है.
11 साल की उम्र में हैरी पॉटर (Harry Potter) की भूमिका निभाने वाले अभिनेता डेनियल रेडक्लिफ (Daniel Radcliffe) आज 21 साल के हो चुके हैं. 11 साल की उम्र में ही डेनियल रेडक्लिफ(Daniel Radcliffe) एक सुपरस्टार बन गए थे जिसका लुत्फ वह आज भी उठा रहे हैं. आज दुनियां में सबसे मशहूर शख्सियतों में डेनियल रेडक्लिफ की गिनती होती है.
हैरी पॉटर (Harry Potter) नामक इस जादुई किरदार की रचना जेके रोलिंग (JK Rowling) ने की थी. पेशे से एक लेखिका जेके रोलिंग (JK Rowling) को हैरी पॉटर पर किताब लिखने का विचार एक यात्रा के दौरान आया और उन्होंने इसे मूर्त रुप देने में देर नहीं लगाई. 1995 में रोलिंग ने अपनी पहली बुक ‘हैरी पॉटर एंड फिलॉसफर्स स्टोन’ (Harry Potter and the Philosopher’s Stone) को पूर्ण किया. इसकी सफलता के बाद वे निरंतर आगे बढ़ती रहीं और 7 किताबों में इस कैरेक्टर को उतार दिया. रोलिंग की सात हैरी पॉटर किताबों का दुनिया की 65 भाषाओं में अनुवाद हुआ है और इनकी 40 करोड़ से ज्यादा प्रतियां बिकी हैं. हैरी पॉटर श्रृंखला की किताबों की लेखिका जे.के. रोलिंग ने जब 1997 में पहली किताब हैरी पॉटर एंड द फिलॉस्फर्स स्टोन लिखी थी तब वह एक संघर्षरत अकेली मां थीं लेकिन इन किताबों और फिल्मों की सफलता से वह दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं में शामिल हो गईं.
‘हैरी पॉटर एंड डेथली हालोस पार्ट 2’ (Harry Potter and the Deathly Hallows – Part 2) हैरी पॉटर की आखिरी फिल्म होने की वजह से दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है. उम्मीद जताई जा रही है कि इस फिल्म को दर्शक अधिक से अधिक देखेंगे. कई सिनेमाघरों में अभी से ही बुकिंग भर गई है. भारत में भी हैरी पॉटर की दीवानगी सर चढ़ कर बोलती है.
उम्मीद है इसके बाद फिर कोई किरदार हैरी पॉटर की जगह ले और दर्शकों को इस दुनियां से अलग एक दूसरी दुनियां की सैर कराए.
Read Comments