Menu
blogid : 4920 postid : 614

मंत्रिमंडल में फेरबदल – देश हित की सोच या वफादारी का ईनाम ?

जागरण जंक्शन फोरम
जागरण जंक्शन फोरम
  • 157 Posts
  • 2979 Comments

हाल ही में मनमोहन कैबिनेट में कुछ महत्वपूर्ण फेरबदल किए गए हैं। यूं तो समय और जरूरत के अनुसार प्रधानमंत्री अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकता है लेकिन इस बार जो बदलाव हुआ है वह शुरुआत से ही विवादों में घिर गया है। भ्रष्टाचार के तमाम आरोपों के बाद सलमान खुर्शीद जो पहले केन्द्रीय कानून मंत्री थे उनके मंत्रालय को बदलकर उन्हें विदेश मंत्री का पदभार सौंप दिया गया। इतना ही नहीं अपने गैर जिम्मेदाराना व्यवहार के चलते शशि थरूर जिन्हें मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया गया था उन्हें पुन: बतौर मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री शामिल कर लिया गया है। इतना ही नहीं पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी को किस कारणवश अपने पद से हटाया गया यह कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है।


वैसे तो मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार शुरुआती समय से ही आरोपों से जूझ रही है लेकिन इस बार कैबिनेट में जो फेरबदल किया गया है वह कहीं अधिक संदेहास्पद प्रतीत होता है। ऐसे बहुत से लोग हैं जो इस फेरबदल को कांग्रेस आलाकमान की भ्रष्ट नीति कहकर पुकार रहे हैं। ऐसे लोगों का कहना है कि कांग्रेस को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उसकी पार्टी के सदस्य देश के लिए कितने जिम्मेदार हैं या फिर जनता के हित में काम कर रहे हैं या नहीं। अगर वह कांग्रेस आलाकमान के प्रति अपना समर्पण दिखाते हुए ईमानदारी बरतते हैं तो उन्हें आज नहीं तो कल अपने इस वफादारी का ईनाम मिलता ही है। तमाम आरोपों से घिरे हुए सलमान खुर्शीद जिन्हें प्रमोशन देकर विदेश मंत्री का पदभार सौंप देना, इकोनॉमी क्लास को कैटल क्लास कहने वाले गैर जिम्मेदार शशि थरूर को भी सत्ता में वापस लाने का हैरानी भरा निर्णय लेना और बेनी प्रसाद वर्मा को लौह एवं इस्पात मंत्रालय पर बरकरार रखना इस बात को प्रमाणित करता है कि कांग्रेस नेताओं का पहला कर्तव्य देश के प्रति नहीं केवल कांग्रेस आलाकमान के प्रति ही है। अपने नेताओं की प्रतिबद्धता और भक्ति का ईनाम देने के एवज में देश की जो दुर्गति की जा रही है उसकी ओर ध्यान देना शायद उनके लिए जरूरी ही नहीं है। इस फेरबदल की आलोचना करने वाले लोगों का कहना है कि आगामी चुनावों में पुन: सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने इस तरह का फेरबदल किया है। अल्पसंख्यकों और क्षेत्रीय राजनीति जैसे मसलों पर अपनी पैठ जमाने के लिए ही कांग्रेस आलाकमान द्वारा इस तरह का फेरबदल किया गया है।


वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के समर्थक भी हैं जो इस फेरबदल को समय की मांग कह रहे हैं। उनके अनुसार कैबिनेट में बदलाव देश हित के लिए जरूरी है। इस पर किसी भी तरह के सवालिया निशान नहीं लगाए जा सकते। इन तब्दीलियों से सरकार की कार्यप्रणाली चुस्त होगी और आर्थिक मोर्चों पर लड़ने के लिए मदद भी मिलेगी। राजनैतिक निहितार्थों से अधिक इस फेरबदल का उद्देश्य सत्ता को सुचारू रूप से चलाना है। शशि थरूर संयुक्त राष्ट्र संघ से जुड़े रहे हैं इसीलिए उन्हें मानव संसाधन विकास मंत्रालय जैसा पदभार सौंपने से उनके अनुभव और दूरदर्शिता का परिणाम जनता के हित में होगा। इसके अलावा सलमान खुर्शीद एक बेहद विस्तृत छवि वाले नेता हैं, उनका व्यक्तित्व विशाल है, उन्हें अलग-अलग मसलों की जानकारी है इसलिए उन्हें विदेश मंत्रालय प्रदान किया गया है।


उपरोक्त मुद्दे के दोनों पक्षों पर विचार करने के बाद निम्नलिखित प्रश्न हमारे सामने उठते हैं जिनका जवाब ढूंढ़ना आज के समय की मांग हैं, जैसे:


1. क्या सलमान खुर्शीद और शशि थरूर को वाकई कांग़्रेस आलाकमान के प्रति वफादारी का ईनाम मिला है?

2. क्या यह फेरबदल आगामी चुनावों में भी सत्ता पर बने रहने की कवायद के तहत उठाया गया कदम है?

3. कांग्रेस समर्थकों का यह कहना कि यह बदलाव देश हित को ध्यान में रखकर किया गया है, कितना सही है?

4. क्या आपको लगता है कि इस फेरबदल से वाकई देश का कोई भला हो सकता है या फिर चुनावी राजनीति पर पकड़ कायम करने के लिए ऐसा किया गया है?


जागरण जंक्शन इस बार के फोरम में अपने पाठकों से इस बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील मुद्दे पर विचार रखे जाने की अपेक्षा करता है। इस बार का मुद्दा है:


मंत्रिमंडल में फेरबदल – देश हित की सोच या वफादारी का ईनाम ?


आप उपरोक्त मुद्दे पर अपने विचार स्वतंत्र ब्लॉग या टिप्पणी लिख कर जाहिर कर सकते हैं।


नोट: 1. यदि आप उपरोक्त मुद्दे पर अपना ब्लॉग लिख रहे हैं तो कृपया शीर्षक में अंग्रेजी में “Jagran Junction Forum” अवश्य लिखें। उदाहरण के तौर पर यदि आपका शीर्षक “मंत्रिमंडल में फेरबदल”  है तो इसे प्रकाशित करने के पूर्व मंत्रिमंडल में फेरबदल– Jagran Junction Forum लिख कर जारी कर सकते हैं।


2. पाठकों की सुविधा के लिए Junction Forum  नामक नयी कैटगरी भी सृजित की गई है। आप प्रकाशित करने के पूर्व इस कैटगरी का भी चयन कर सकते हैं।


धन्यवाद

जागरण जंक्शन परिवार


Read Comments

    Post a comment

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    CAPTCHA
    Refresh