- 16 Posts
- 89 Comments
फैजाबाद : विश्व पर्यटन के मानचित्र पर दमकने जा रही आस्था की नगरी अयोध्या विवाद नहीं बल्कि विकास के जरिए अपनी पहचान देश-दुनियां में कराएगी। अयोध्या आने वाले पर्यटक न सिर्फ झील के किनारे इको रिसार्ट में दिन बिता सकेंगे, बल्कि अयोध्या की पौराणिकता से उनका साक्षात्कार भी होगा। पर्यटकों को रामायणकालीन सभ्यता और संस्कृति से परिचित कराने के साथ ही उनके स्वस्थ मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम दिखेगा। इसमें सबसे खास होगा अासमान में सौ फीट की ऊंचाई पर होने वाली रामलीला। ये प्रसंग किसी मंच पर नहीं बल्कि पानी के पर्दे पर दिखाया जाएगा। अयोध्या में विकास की यह महत्वपूर्ण कड़ी थीम पार्क के रूप में साकार हो रही है।
रामनगरी में पर्यटन विकास को आगे बढ़ाने के लिए भारत के बेहतरीन थीम पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। इस पार्क में पानी के पर्दे पर रामलीला ही नहीं बल्कि पर्यटक रामायणकालीन प्राचीन अयोध्या का भी अनुभव कर सकेंगे। थीम पार्क के एक हिस्से में भगवान राम के समय की अयोध्या का स्वरूप तैयार किया जाएगा। पर्यटक त्रेतायुगीन अयोध्या का अनुभव करने के ही साथ पुराने जमाने में लगने वाले मेलों का भी दीदार कर उसका आनंद ले सकेंगे। इन्वेस्टर समिट में जिले की शिवा कांस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से अयोध्या आइ थीम पार्क का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे प्रदेश सरकार ने सहमति दी। संयुक्त उपक्रम की भांति पार्क निर्माण के लिए कंपनी और सरकार एक साथ हैं। अयोध्या के तिहुरा क्षेत्र में 40 एकड़ भूमि पर थीम पार्क का निर्माण शुरू हो चुका है। ये पार्क कानपुर स्थित ब्लू वर्ल्ड पार्क से दो गुना बड़ा है। कंपनी की ओर से पार्क में देश के सभी वाटर पार्कों से बेहतर मनोरंजन के साधन जुटाए गए हैं। 50 करोड़ की लागत से बन रहा ये पार्क प्रदेश का सबसे बड़ा, महंगा व आधुनिक माना जा रहा है। मानव निर्मित झील, म्युजिकल फाउंटेन व झील से 100 फीट ऊपर वाटर स्क्रीन पर लेजर शो के माध्यम से रामलीला का प्रस्तुतिकरण यहां देखने को मिलेगा। कंपनी का दावा है कि वाटर स्क्रीन पर लेजर शो से रामलीला की प्रस्तुति देश में कहीं नहीं है। इसे तैयार करने में 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मानव निर्मित झील के किनारे रिसार्ट बनाए जाएंगे, जो पूरी तरह से इको फ्रेंडली होंगे। रिसार्ट की दीवार से लेकर फर्श तक लकड़ी के होंगे। मोबाइल, टीवी की व्यवस्था रिसार्ट में नहीं होगी, ताकि पर्यटक प्रकृति के करीब रहने का अनुभव करते हुए पूरी शांति महसूस कर सकें। अब तक करेल व मालदीव में कुछ स्थानों पर ऐसे रिसार्ट पर्यटकों के लिए हैं। पार्क में तीन आलीशान विला भी बनाए जाएंगे, जिसमें स्वीमिंग पूल से लेकर सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसे लोग शादी व अन्य समारोह में भी बुक करा सकते हैं। पार्क की खासियत होगी कि इसमें प्रदेश का सबसे बड़ा 160 फीट का ज्वाइंट ह्वील झूला भी लगाया जाएगा। कंपनी से जुड़े जिम्मेदारों का दावा है कि झूले पर सवार पर्यटक अयोध्या व आसपास के जिलों के कुछ हिस्सों का भी दीदार कर सकते हैं। पार्क का आनंद उठाने के लिए अलग-अलग शुल्क भी देना होगा। कंपनी के निदेशक प्रमोद सिंह का कहना है कि फरवरी में इस पार्क का उद्घाटन करने का वादा सीएम से किया गया है। इसलिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।
Read Comments