काला हिरण शिकार मामले में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जोधपुर कोर्ट ने दोषी करार दे दिया है। लंबी बहस के बाद जज ने सलमान खान की सजा तय कर दी है, लेकिन अभी सजा सुनाई नहीं गई है। वहीं, इसी मामले में सैफ अली खान, नीलम और तब्बू समेत पांच अन्य आरोपियों को अदालत ने बरी कर दिया। 1998 का यह मामला 20 वर्षों से सलमान के गले की फांस बना हुआ है। आइये आपको बताते हैं कि काले हिरण के शिकार वाली रात क्या हुआ था।
शिकार और फैसले में यह है अजीब संयोग
काला हिरण शिकार मामला 1 अक्टूबर 1998 का है, उस दिन गुरुवार था। इसे अजीब संयोग ही कहा जाएगा कि इस मामले में फैसले का दिन भी गुरुवार (आज) ही है। सलमान की तरह ही इस मामले में इंसाफ का इंतजार कांकाणी गांव के लोगों को भी है। बिश्नोई समाज के लोग काले हिरण और चिंकारे को अपने घर की संतानों की तरह मानते हैं। गांव के लोग भी इनके संरक्षण के लिए जान छिड़कते हैं।
गोली की आवाज से ग्रामीणों का शक यकीन में बदला
मामले के चश्मदीदों के मुताबिक, 1 अक्टूबर 1998 को जोधपुर के कांकाणी गांव में रात के करीब 2 बजे खेत के आसपास अंधेरे में हेडलाइट की रोशनी चमकी। सफेद रंग की जिप्सी एक ही इलाके में लगातार घूम रही थी। गांव के लोगों को समझते देर नहीं लगी कि यहां शिकारी आ धमके हैं, जो काले हिरण के शिकार की कोशिश में हैं। गोली की आवाज सुनाई देने के बाद ग्रामीणों का शक यकीन में बदल गया।
जिप्सी लेकर भाग गए शिकारी
आधी रात को गोली चलने की आवाज आई, तो ग्रामीण जाग गए और लाठी-डंडों के साथ उस तरफ दौड़ पड़े, जिधर से गोली चलने की आवाज आई। वहां ग्रामीणों ने देखा कि काले हिरण का शिकार किया गया है। इसके लिए जिप्सी में सवार होकर कुछ आधुनिक से दिखने वाले नौजवान लड़के-लड़कियां आए हैं। ग्रामीणों ने पीछा किया, तो शिकारी जिप्सी लेकर भाग खड़े हुए।
आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है वो मंजर
चश्मदीद बताते हैं कि शिकारियों के भागते समय जिप्सी में बैठे सलमान को लोगों ने तभी पहचान लिया था। उस घटना के बाद काले हिरण का पोस्टमार्टम हुआ, जिसकी रिपोर्ट अदालत में जमा है। इसके बाद सैकड़ों लोगों के सामने पारंपरिक तरीके से काले हिरण को दफनाया गया। मगर उस दिन का मंजर आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। बता दें कि इस बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले में अभिनेता सलमान खान के साथ अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री नीलम, सोनाली, तब्बू और दुष्यंत सिंह आरोपी थे। इनमें सलमान को छोड़कर सभी आरोपियों को अदालत ने बरी कर दिया…Next
Read More:
IPL के 6 रोमांचक मुकाबले, जिनमें आखिरी गेंद पर थम गई सांसें!
स्मोकिंग की लत छुड़ाने में अब सिगरेट का पैकेट ही करेगा आपकी मदद!
... तो क्या अब यूपी की राजनीति छोड़ देंगे शिवपाल यादव!
Read Comments