डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के जेल जाने के बाद उससे जुड़े नित नए खुलासे हो रहे हैं। इसके साथ-साथ विवादित बाबाओं की फेहरिस्त में शामिल आसाराम, रामपाल, नित्यानंद और राधे मां आदि की भी चर्चा होने लगी है। इन सभी बाबाओं में एक सबसे बड़ी समानता है इनकी संपत्ति, जो करोड़ों-अरबों में है। आइये जानते हैं कुछ ऐसे कथित बाबाओं के बारे में जिनकी संपत्ति के खुलासे के बाद लोगों के होश उड़ गए।
गुरमीत राम रहीम सिंह
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 2011 में राम रहीम की कुल आय करीब 16,52,48,455 रुपये थी। एक साल बाद 2012 में राम रहीम की आय अचानक बढ़कर 20,20,99,999 रुपये तक पहुंच गई। तीन साल पहले तक डेरा सच्चा सौदा की रोज की आय करीब 16,44,833 रुपये थी। वर्ष 2012-13 में गुरमीत सिंह की आय करीब 30 करोड़ (29,08,18,760) रुपये थी। राम रहीम के समर्थक भी देश-विदेश से दान भेजते रहते हैं। आयकर कानून के सेक्शन 10 के हिसाब से उन्हें कोई टैक्स रिटर्न भी फाइल नहीं करना पड़ता। 2015 में राम रहीम ने अपने गानों के एलबम की लगभग एक करोड़ कॉपी बेची थी। सिरसा में राम रहीम के पास 700 एकड़ से अधिक कृषि भूमि है। राजस्थान में एक अस्पताल और एक गैस स्टेशन के मालिकाना हक के अलावा दुनियाभर में करीब 250 आश्रम/डेरे हैं।
आसाराम
आसाराम भारत के सबसे विवादित बाबाओं में से एक हैं। उन पर अनाधिकृत तरीके से जमीन पर कब्जा करने से लेकर बलात्कार जैसे मामले चल रहे हैं, जिसकी वजह आसाराम जोधपुर जेल में बंद हैं। आसाराम की संपत्ति का ब्योरा सुनकर आप भी चौंक जाएंगे। भारत और विदेश में करीब 350 आश्रम व 17,000 बाल संस्कार केंद्र हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूरत पुलिस के एक पूर्व कमिश्नर का कहना है कि आसाराम के आश्रमों की कुल संपत्ति 10 हजार करोड़ रुपये है। इन संपत्तियों में बैंक-बैलेंस और शेयरों में निवेश आदि शामिल हैं।
राधे मां
सुखविंदर कौर को लोग राधे मां के नाम से जानते हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के कोर्ट के आदेश के बाद इन दिनों राधे मां भी सुर्खियों में हैं। माता की चौकी के जरिये राधे मां ने बेहिसाब संपत्ति जमा की है। मुंबई में चिकूवाड़ी स्थित आलीशान बंगला है, बाजार रेट के हिसाब से इस बंगले की कीमत करीब 250 करोड़ रुपये है। इसके अलावा राधे मां के पास 17 और संपत्तियां होने की बात सामने आई है। ये संपत्तियां राधे मां ने पिछले पांच-छह साल में हासिल की हैं। आरोप है कि महाराष्ट्र के अलावा भी कई राज्यों में राधे मां ने बेनामी संपत्तियां बनाई हैं।
रामपाल
रामपाल की गिरफ्तारी के बाद हरियाणा पुलिस ने बैतूल के राजस्व विभाग से रामपाल की सभी चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा लिया, जिसकी कीमत करोड़ों में बताई गई थी। इसके अलावा रामपाल बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी महंगी लग्जरी गाडि़यों का भी मालिक है। रामपाल फिलहाल देशद्रोह के मामले में हिसार जेल में बंद है।
नित्यानंद
तमिल फिल्म एक्टर रंजीता के साथ आपत्तिजनक हालत में दिखते हुए एक सीडी सामने आने के बाद विवादों में आए नित्यानंद के पास बैंगलुरू के बिदड़ी में 33 एकड़ का आश्रम है। इसके अलावा तमिलनाडु के तिरुवन्नामलई और अमेरिका में दो आश्रम हैं। एक आकलन के मुताबिक, नित्यानंद की कुल सम्पत्ति करीब 300 करोड़ की हो सकती है।
Read More:
गृह मंत्रालय ने रद्द की इस विधायक की नागरिकता, 30 दिन में खुद को साबित करना होगा भारतीयराजकुमारी जो बनीं देश की पहली महिला कैबिनेट मंत्री, एम्स की स्थापना में थी प्रमुख भूमिकाक्या अब राधे मां का होगा अगला नंबर!
Read Comments