शुरू होने वाला है खेल की दुनिया का सबसे बडा रण फीफा वर्ल्ड कप 2010। दुनिया भर में लोग इसे लेकर दीवाने हो रहे हैं। अफ्रीका में तो फुटबॉल की मस्ती का आलम ही गजब का है। क्यों न हम भी उसी मस्ती में डूबकर सराबोर हो जाएं और करें डिस्की डांस और खाएं साउथ अफ्रीका का स्पेशल समोसा!
डिस्की डांस पे चांस
भूल जाओ अब डिस्को, मूनवॉक, हिप-हॉप, सालसा या बैले को। अब बारी है डिस्की डांस की। उस डांस की, जो इन दिनों बन चुका है रिद्म ऑफ साउथ अफ्रीका। क्या है डिस्की का मतलब और कब आया इस तरह का डांस प्रचलन में? दरअसल, फुटबॉल वर्ल्ड कप की मेजबानी मिलने की खुशी को साउथ अफ्रीकन टूरिज्म ने एक खास डांस के स्टेप्स में पिरो दिया, जिसे कहते हैं डिस्की डांस। इस खास डांस के कोरियोग्राफर वेंडी रामोकगैडी के मुताबिक, डिस्की फुटबॉल के पैशन का प्रतीक है, जो नजर आता है इस डांस के प्रत्येक मूवमेंट, इसके एक-एक स्टेप में। वे आगे कहते हैं, इस डांस को कोरियोग्राफ करने का एक ही उद्देश्य था। वह यह कि हम कुछ ऐसा पेश करें, जिसमें झलक मिलती हो ट्रृली साउथ अफ्रीकन स्पिरिट की। वेंडी कहते हैं, साउथ अफ्रीका आने वाले हर शख्स को यह डांस रिद्म ऑफ अफ्रीका को फील कराता है।
स्टेप्स डिस्की के
डिस्की डांस के लिए तुम्हें यहां दिए गए पांच स्टेप्स को फॉलो करना होगा। एक-एक कर स्टेप्स लो। फिर तुम भी कर पाओगे डिस्की डांस।
1 द जगल
यह है डिस्की डांस का पहला स्टेप। इसके तहत दिखानी होगी तुम्हें बॉल के साथ अपनी कलाबाजी। पहले बाएं, फिर दाएं पैर की तरफ बॉल को ले जाओ और वापस इसका उल्टा करो।
2 द हेडर
बॉल को माथे तक उठाओ।
3 द टेबल माउंटेन
टेबल की तरह चौडी अपनी कमर की पोजीशन बनाओ। फिर फुटबॉल को ऐसे किक करो कि वह तुम्हारी कमर के पीछे आ जाए।
4 द ट्रेपा
बॉल को पकडे रहो और इसे धीरे से अपने माथे की ओर झटका दो। अब अपने पैर से इसे थामने की कोशिश करो। अपने दाएं पैर से दो बार इस पर धीरे से किक करो।
5 द ब्रिजा
यह है अंतिम स्टेप। ब्रिजा एक स्थानीय बोली है। चार बार जब तुम बॉल को दाएं पैर से बाएं पैर की तरफ घुमाओगे, तो यह कहलाएगी ब्रिजा। अब अंत में बॉल को नेट की तरफ किक कर दो।
अब हो जाए समोसा
साउथ अफ्रीका में समोसा! यह सोचकर सिर मत खुजाओ। यहां समोसा भी मिलता है और कबाब-बिरियानी भी। 1800 कबीलों की यह धरती मानव सभ्यता का पालना तो कहलाती ही है, यहीं पर तैयार हुए हैं दुनिया के कुछ शानदार फूड-पूर्वज। साउथ अफ्रीका के कुछ कुजिन को रेनबो कुजिन भी कहते हैं। खास नाम यह बताने के लिए काफी है कि कई सारी संस्कृति और विविध स्रोतों और अवस्थाओं से गुजरी हैं यहां की लजीज डिशेज। बिरियानी ने जैसे हर जगह अपना जलवा बिखेर रखा है। साउथ अफ्रीका में करी-डिशेज की धूम है। पेप साउथ अफ्रीका का एक स्थानीय डिश है। मक्के से बनी इस डिश को बिल्कुल नूडल्स की तरह खाया जाता है। वैसे, यहां के भोजन के केंद्र में मीट है। ज्यादातर अफ्रीकी इसे खूब पंसद करते हैं। नवीं शताब्दी में जब हजारों की संख्या में यहां भारतीय मजदूर पहुंचे, तो वे अपने साथ लाए थे कई तरह की डिशेज। आज ये डिशेज यहां के पाकशालाओं में शामिल हो चुकी हैं। विविध प्रकार की मिठाइयां, चटनी और हां समोसा भी यहां खूब प्रचलित हैं। यह पूरी तरह से अफ्रीका-इंडिया मिक्स कल्चर के कारण ही है। यहां के रेस्टोरेंट्स में मोरक्कन, चाइनीज, वेस्ट अफ्रीकन और जैपनीज कुजिन्स भी मिल जाते हैं। आओ अब जानते हैं साउथ अफ्रीका के कुछ खास फूड्स और डिशेज के बारे में..
बोबोटी
यह मीट की पावरोटी होती है, जिसमें खूब सारे मुनक्के, किशमिश डाले जाते हैं। इस डिश को पीले चावल, नारियल, केले के स्लाइस और चटनी के साथ सर्व किया जाता है।
बन्नी चॉ
स्थानीय लोग इसे कोटा भी कहते हैं। एक खोखली पॉवरोटी में स्वादिष्ट करी भरकर इसे तैयार किया जाता है।
मियली-ब्रेड
यह मक्के की बनी मीठी पॉवरोटी होती है, जिसे बेक कर तैयार किया जाता है।
वर्ल्ड कप फुटबॉल शुरू होने से पहले ही इसका जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। तो क्यों न हम भी इसे सेलिब्रेट करें डिस्की डांस और कुछ पॉपुलर साउथ अफ्रीकन डिशेज के साथ। फिर क्या है, जोर से बोलो- हुकूना मटाटा..यानी नो टेंशन, ऑल इज वेल!
Source: Jagran Yahoo
Read Comments